बाराबंकी। नगर पंचायत हैदरगढ़ के मितई पुरवा वार्ड में बीते शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब घर के बाहर खेल रही 13 वर्षीय बालिका रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। लापता बालिका स्थानीय पत्रकार के रिपोर्टर नृपेन्द्र तिवारी की पुत्री बताई जा रही है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को बालिका घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों की मदद से देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पीड़ित पिता ने हैदरगढ़ कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।read more:https://worldtrustednews.in/women-and-girls-were-made-aware-under-the-mission-shakti-campaign/ कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मामले में उस समय और सनसनी फैल गई जब बच्ची के पिता के मोबाइल पर कथित बदमाशों ने वीडियो कॉल कर बच्ची के अपहरण की जानकारी दी और पुलिस के पास जाने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। बच्ची के अचानक लापता होने से पूरे नगर में चिंता का माहौल है। मोहल्ले के लोग, रिश्तेदार और शुभचिंतक लगातार बच्ची के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। वहीं इस घटना के बाद छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों के मन में सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही बच्ची को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं धरने में मौजूद भाजपा नेता पंडित सिद्धार्थ अवस्थी ने कहा कि घटना को तीन दिन हो चुके हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। उन्होंने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा कि सभी लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। धरने में बालिका के परिजनों के अलावा भाजपा नेता पंकज दीक्षित, पंकज मिश्रा, दीपू तिवारी, बैजनाथ मौर्य समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।