बहराइच। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया। समारोह की शुरुआत क्रॉसकंट्री दौड़ और एनसीसी कैडेट्स की प्रभात फेरी से हुई। सरकारी भवनों एवं शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और वंदे मातरम गायन के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात अमर सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। मोंटेसरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने भावपूर्ण राष्ट्रगान और वंदे मातरम की प्रस्तुति दी।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिजनों कबूतरी देवी, चन्द्रकान्ती देवी, सुन्दरा देवी, तारिक बेग, कर्मवीर सिंह एडवोकेट, कामरान सिद्दीकी और रमेश कुमार मिश्र को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। काव्यपाठ करने वाले कवियों एवं शायरों अल्लन बहराइची, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ‘मृदुल’ और रईस सिद्दीकी को भी सम्मानित किया गया।वहीं 16 जुलाई को ग्राम टिकुरी में मगरमच्छ हमले की घटना के दौरान पीड़ित को बचाने के लिए साहसिक प्रयास करने वाले अनिल सिंह उर्फ इंस्पेक्टर सिंह को भी सम्मानित किया गया।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/राष्ट्रगान और वंदे मातरम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए डीएम अक्षय त्रिपाठी ने अमर शहीदों को नमन करते हुए जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों के त्याग और बलिदान से आज हम स्वतंत्र राष्ट्र में रह रहे हैं। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और लगन से निर्वहन करते हुए आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रयास करें। यही अमर सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।डीएम ने कहा कि सरकार द्वारा गांव, गरीब और किसानों के उत्थान तथा सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों का प्रयास होना चाहिए कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक जनपद बहराइच ने नीति आयोग के निर्धारित सूचकांकों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना से कार्य करते हुए बहराइच को सामान्य जनपदों की श्रेणी में लाने का प्रयास करना चाहिए।कार्यक्रम को अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर अमिता यादव और डीजीसी रेवन्यू अजय शर्मा समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। संचालन कलेक्ट्रेट कर्मी संदीप मिश्रा ने किया।समारोह के बाद डीएम ने अधिकारियों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिसर स्थित त्रिमूर्ति, शहीद पार्क और अंबेडकर पार्क पहुंचकर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान कलेक्ट्रेट एवं परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।