अमेठी। जनपद में स्थित सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) के प्रस्तावित स्थानांतरण को लेकर युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में जिला यूथ कांग्रेस अमेठी के नेतृत्व में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए महानिदेशक भर्ती, भारतीय सेना को एआरओ अमेठी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि यह कार्यालय अमेठी सहित आसपास के करीब 13 जनपदों के युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर प्रदान करता रहा है। इसका स्थानांतरण न केवल युवाओं के रोजगार पर असर डालेगा, बल्कि उनके सपनों को भी प्रभावित करेगा।युवाओं ने कहा कि एआरओ को अन्य स्थान पर शिफ्ट किए जाने से अभ्यर्थियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को इससे अधिक परेशानी होगी।ज्ञापन में मांग की गई है कि अमेठी स्थित सेना भर्ती कार्यालय को यथावत रखा जाए और स्थानांतरण के निर्णय को तत्काल निरस्त किया जाए। इस दौरान बृजेश मिश्रा, बृजेंद्र सिंह लोहा, विनय दूबे, रवि मौर्या, अंशू तिवारी, अरुण कुमार, अमन सिंह, रोहित द्विवेदी, अनुज मिश्रा, शिवम तिवारी, अनुज यादव सहित यूथ कांग्रेस पदाधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में इस निर्णय का विरोध जताया।