मटवई गेट पर फूटा मजदूरों का गुस्सा, गेट पर जड़ा ताला

Share

बीना, सोनभद्र। राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम के मटवई गेट पर मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में श्रमिक एकजुट होकर गेट पर ताला जड़ते हुए प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र आंदोलन स्थल में तब्दील हो गया।
मजदूरों का आरोप है कि उनसे प्रतिदिन 12 घंटे तक काम कराया जा रहा है, जबकि भुगतान केवल 8 घंटे का ही दिया जाता है। कई श्रमिकों का यह भी कहना है कि जो मजदूरी मिलती है, वह भी पूरी नहीं दी जाती। उनका कहना है कि यह श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है और लंबे समय से उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने मांग की कि उनसे नियमानुसार केवल 8 घंटे की ही ड्यूटी कराई जाए। यदि अतिरिक्त समय तक कार्य लिया जाता है तो उसका अतिरिक्त भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही न्यूनतम मजदूरी और शासन की निर्धारित दरों के अनुसार पूरा भुगतान दिए जाने की मांग भी उठाई गई। मजदूरों ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में ठेकेदारों और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
आक्रोशित मजदूरों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो अधिकारियों की आवाजाही भी गेट से बाधित कर दी जाएगी। फिलहाल मटवई गेट पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन और प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पूरे जिले की नजर इस मामले पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *