मोतीपुर रेंज में वन्यजीव का हमला, 11 वर्षीय बालक गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर

Share

बहराइच ( मोतीपुर )। मोतीपुर रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत कतरनिया के तड़वां मजरा में खेत की रखवाली कर रहे एक 11 वर्षीय बालक पर वन्यजीव ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजा बाबू (11) पुत्र कमल निषाद अपने खेत में मक्का की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान जंगल से निकले एक वन्यजीव ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बालक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हल्ला मचाकर किसी तरह उसे बचाया।हमले में बालक के चेहरे पर गहरे घाव आए हैं। पंजे के वार से उसकी बाईं आंख और पूरा चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।रेंज अधिकारी सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हमला तेंदुए द्वारा किए जाने की संभावना है, हालांकि ग्रामीण इसे बाघ का हमला बता रहे हैं। वन विभाग की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *