कैसरगंज में जंगली जानवर का हमला: युवक घायल, इलाके में हाई अलर्ट

Share

बहराइच (कैसरगंज)। कैसरगंज क्षेत्र के ग्राम बहबनानपुरवा में शुक्रवार दोपहर एक जंगली जानवर के हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना लगभग 3 बजे की है, जिसके बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार (25 वर्ष), पुत्र जानकी प्रसाद, पर अचानक जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में युवक की कमर पर जानवर के दांतों के गहरे निशान पाए गए हैं, जबकि जांघ पर पंजों और नाखून से चोट के स्पष्ट निशान हैं। घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कैसरगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अखिलेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।हमले के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण एहतियातन समूह में ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमला किसी तेंदुए ने किया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगली जानवर को जल्द से जल्द ट्रैक कर पकड़ने की कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वहीं, प्रशासन और वन विभाग की टीमें इलाके में निगरानी बढ़ाने में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *