एमएसपी पर गेहूं खरीद शुरू, एसडीएम ने किया क्रय केंद्र का शुभारंभ

Share
गाजीपुर जमानियां। किसानों को राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोमवार को जमानियां स्टेशन स्थित क्रय-विक्रय समिति परिसर में सरकारी गेहूं खरीद केंद्र का शुभारंभ किया गया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति चौरसिया ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।2026-27 के रबी विपणन सत्र के तहत शुरू किए गए इस केंद्र पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर अपनी उपज बेचने की सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नमी मापक यंत्र, तौल कांटा, बैठने की व्यवस्था, छाया और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कुछ कमियां मिलने पर उन्होंने केंद्र प्रभारियों को तत्काल सुधार के निर्देश भी दिए।एसडीएम ज्योति चौरसिया ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में केंद्र पर आकर अपनी फसल बेचें, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।विपणन अधिकारी सत्य प्रकाश राय ने बताया कि इस बार खरीद प्रक्रिया को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ा गया है। किसानों को पहले पंजीयन कराना होगा और उसके बाद स्वयं तुलाई की तिथि के लिए टोकन लेना होगा। जिस दिन का टोकन मिलेगा, उसी दिन किसान को अपनी उपज लेकर केंद्र पर पहुंचना होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि तुलाई के 24 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान कर दिया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि का स्वागत गुलदस्ता भेंट कर किया गया। इस मौके पर रॉयल्स मिल के मालिक व पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, जितेंद्र यादव, धर्मराज सिंह कुशवाहा, आजाद सिंह कुशवाहा, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।कार्यक्रम में किसानों ने ऑनलाइन प्रणाली से जुड़ी कुछ समस्याओं को भी उठाया, जिस पर विपणन अधिकारी ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *