जल संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, भविष्य की सुरक्षा: मनीष जैन

Share

अनपरा, सोनभद्र। हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर में जल संरक्षण जागरूकता अभियान 2026 के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यूनिट हेड आरपी सिंह के मार्गदर्शन में पर्यावरण एवं जल संरक्षण टास्क फोर्स टीम द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संचालन विभाग के हेड मनीष जैन ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा है। यदि हम अभी से सजग नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। रैली का उद्देश्य लोगों को जल के महत्व और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। इसमें आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल रेनुसागर, आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज रेनुसागर एवं रेनुपावर प्राथमिक पाठशाला के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने जल है तो कल है और पानी बचाओ, जीवन बचाओ जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। रैली आवासीय परिसर के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली, जहां लोगों को जल संरक्षण के महत्व, सीमित संसाधनों के समुचित उपयोग तथा वर्षा जल संचयन जैसे उपायों के बारे में जानकारी दी गई। टास्क फोर्स टीम ने दैनिक जीवन में पानी की बचत के सरल उपाय भी बताए। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विभाग के हेड कमलेश मौर्या ने किया। इस अवसर पर मेंटिनेंस हेड जगदीश पात्रा, कुमार हर्षवर्धन, ललित खुराना, प्रधानाचार्य ब्रजेश कुमार सिंह, सीमा दुबे सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *