गाजीपुर। जनपद के ग्राम पंचायत नगवा खुर्द उर्फ कटैला के ग्रामीणों ने शहर से पकड़े गए बंदरों को ग्रामीण क्षेत्रों में छोड़े जाने के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि शहर से लाकर छोड़े गए बंदरों के कारण गांवों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। बंदर खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, वहीं बाजार और दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। कई लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या का सीधा असर उनकी आजीविका पर पड़ रहा है। किसान अपनी मेहनत की फसल को बचाने के लिए दिन-रात खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं, जबकि दुकानदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोड़े गए बंदरों को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा जिन किसानों और दुकानदारों को नुकसान हुआ है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।यह ज्ञापन कटैला के सामाजिक कार्यकर्ता विवेक कुशवाहा के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव, अशोक कुशवाहा, शमशाद अंसारी, अशोक यादव, राजू यादव, रितेश यादव, मंगलजीत कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे आंदोलन के लिए भी बाध्य होंगे।