बिजनौर । वर्धमान कॉलेज के छात्र भीम सिंह, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग-2024 की परीक्षा पास कर सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर) पद पर चयनित हुए हैं। वे ग्राम स्वाहेड़ी खुर्द के निवासी हैं और उनके पिता धर्म पाल सिंह एक कृषक परिवार से हैं। भीम सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और मित्रों के सहयोग को दिया है। साथ ही गांववासियों के नैतिक समर्थन और विश्वास ने भी उन्हें प्रेरित किया। लगभग 80 वर्षीय उनकी दादी मूर्ति देवी उनकी प्रेरणा स्त्रोत रही हैं।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे वर्धमान परिवार में खुशी का माहौल है। भीम सिंह एन.सी.सी. और एन.एस.एस. के कर्मठ स्वयंसेवी रहे हैं। वे मानते हैं कि उनके आत्मविश्वास के विकास में एनसीसी एवं एनएसएस का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है। वे महाविद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न नुक्कड़ नाटकों में जीवन्त अभिनय कर चुके हैं। समाज को जागरूक और व्यावहारिक रूप से शिक्षित करने के लिए वे सदैव से आग्रही रहे हैं। वर्धमान कॉलेज के पहले युवा महोत्सव ‘प्रयास’ 2018 के वे चैम्पियन भी रह चुके हैं। भीम की इस महत्वपूर्ण सफलता पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. प्रीति खन्ना ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि सफलता के लिए व्यक्तित्व के चहुमुखी विकास की जरूरत होती है। शिक्षा के साथ महाविद्यालय के सभी आयोजनों, प्रतियोगिताओं का भी अपना महत्त्व है, जो व्यक्तित्व को मजबूत आधार देता है। उन्होंने बताया कि भीम, महाविद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेता रहा है। और निरंतर अपने प्रतिभाग एवं प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करता रहा है। एन.सी.सी. के अधिकारी कैप्टन प्रो. जे.के. विश्वकर्मा ने बताया की भीम ने एनसीसी का सी-सर्टिफिकेट अर्जित किया है। उन्होंने आगे बताया कि भीम शुरू से ही अनुशासित और परिश्रमी कैडेट रहा है। तात्कालिक एनएसएस अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने भी भीम की प्रशंसा की और कहा कि शुरू से ही भीम प्रगतिशील विचारधारा का छात्र रहा है। उन्होंने कहा कि भीम में अभी अपार ऊर्जा है, वह आने वाले समय में प्रशासनिक स्तर पर और ऊँचा स्थान प्राप्त करेगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. ओ.पी. सिंह व अन्य शिक्षकों ने उसे शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।