गाजीपुर : जनपद गाजीपुर में साइबर अपराधों पर नियंत्रण और आमजन को राहत दिलाने की दिशा में साइबर सेल लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में एक सराहनीय कार्यवाही करते हुए साइबर सेल की टीम ने यूपीआई फ्रॉड का शिकार हुए एक युवक की पूरी धनराशि वापस कराकर मिसाल पेश की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र के निवासी वारिस अली के साथ अज्ञात साइबर ठगों द्वारा यूपीआई के माध्यम से 20,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई। घटना के तुरंत बाद वारिस अली ने सतर्कता दिखाते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल जनपद गाजीपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक विवेक पाठक के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता के माध्यम से संबंधित खातों की जानकारी जुटाई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए धनराशि को होल्ड कराया।लगातार प्रयासों और समन्वय के चलते दिनांक 24 मार्च 2026 को पीड़ित वारिस अली के खाते में फ्रॉड की गई पूरी 20,000 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। अपनी राशि वापस मिलने पर वारिस अली ने साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया।पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके। साथ ही अनजान लिंक, कॉल या संदेशों पर विश्वास न करने और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने की भी सलाह दी गई है।