मिर्जापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर सोनभद्र मुख्य मार्ग पर कुंदरुफ़ गांव के सामने मंगलवार की भोर चार बजे खड़ी रोलर में अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे सड़क किनारे पांच फीट गहरे खाई मे पलट गया। रोलर पर सो रहे 55 वर्षीय चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी चालक रामदास 55 वर्ष सोमवार की दोपहर सोनभद्र जनपद से रोड रोलर लेकर अपने घर जा रहे थे। घर से महज 3 किलोमीटर पहले कुंदरुफ गांव के सामने पहुंचे ही थे कि रोलर के चक्के में खराबी होने के चलते सड़क किनारे खड़ी कर सीट पर बैठे बैठे सो गए। भोर लगभग चार बजे सोनभद्र की तरफ से आ रही कोयला लदी ट्रक का टायर फटने से अनियंत्रित होकर टक्कर मार दिया। जिससे रोलर सड़क किनारे लगभग पांच फीट गहरे खाई में पलट गया। वही चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जिसमे रोलर चालक रामदास गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन मंडलीय अस्पताल ले गए जहां प्राथमिक उपचार कर हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी अस्पताल रेफर कर दिया है।
खबर लिखे जाने तक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।