आरओ/एआरओ परीक्षा में अमेठी के दो युवाओं का जलवा, टॉप-10 में बनाई जगह

Share
अमेठी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की आरओ/एआरओ परीक्षा 2023 के घोषित परिणाम में जनपद के दो युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टॉप-10 सूची में जगह बनाई है। भेटुआ विकासखंड के दो होनहारों के चयन से जिले में खुशी का माहौल है।ग्राम पंचायत शिवगढ़ जलालपुर के संड़िला गांव निवासी शिवांशु शर्मा ने पूरे प्रदेश में 6वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। उनके पिता राम सजीवन शर्मा आवास विकास विभाग में सेवानिवृत्त ड्राइंग इंजीनियर हैं, जबकि माता सावित्री शर्मा गृहिणी हैं। शिवांशु ने वर्ष 2020 से तैयारी शुरू की और लखनऊ में रहकर ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की। इससे पहले उनका चयन भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क और रेलवे में स्टेशन मास्टर पद पर भी हो चुका है। उनका लक्ष्य आगे चलकर आईपीएस बनना है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत टिकरी के श्री का पुरवा निवासी शिवम शुक्ला ने 10वीं रैंक प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। उनके पिता विनोद शुक्ला रणछोर इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं, जबकि माता वृजलेश शुक्ला गृहिणी हैं। शिवम ने प्रयागराज में रहकर कोचिंग के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की।दोनों युवाओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है। गांवों में लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *