गाजीपुर। बहुजन समाज पार्टी ने गाजीपुर जनपद की जखनिया विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में अहम निर्णय लेते हुए अखिलेश कुमार को पुनः विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती के निर्देशानुसार की गई है।अखिलेश कुमार पूर्व में भी जखनिया विधानसभा अध्यक्ष का दायित्व निभा चुके हैं तथा वर्तमान में विधानसभा प्रभारी के रूप में सक्रिय भूमिका में थे। संगठन में उनके अनुभव, अनुशासन और जमीनी स्तर पर सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। उनके पिछले कार्यकाल में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
पुनर्नियुक्ति की खबर से क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कई कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जाएगा।अखिलेश कुमार ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे बहुजन समाज की विचारधारा को आगे बढ़ाने, संगठन को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।