श्रावस्ती। समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं में दिव्यांग बच्चों के मेडिकल एसेसमेन्ट कैम्प के आयोजन के माध्यम से उनका दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाना, एलिम्को कानपुर के माध्यम से सहायक उपकरण का वितरण, दिव्यांग बच्चों को एस्कार्ट तथा स्टाईपेण्ड एलाउन्स प्रदान किया जाने साथ ही साथ दिव्यांग बच्चों को शैक्षिक, सामाजिक एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कराने के उद्देश्य से एक्सपोजर विजिट कराये जाने की व्यवस्था भी की गयी है। जिसे ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को दिव्यांग बच्चों के लिए तीन वाहनों के माध्यम से विशेष एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के 180 दिव्यांग विद्यार्थियों ने भाग लिया है। एक्सपोजर विजिट के दौरान बच्चों को श्रावस्ती तथा बलरामपुर जनपद के शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों, विज्ञान केंद्रों तथा सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस सफल आयोजन ने यह साबित किया कि उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर दिव्यांग बच्चे भी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उक्त बातें रामफेरन पाण्डेय विधायक ने दिव्यांग बच्चों के लिए जाने वाले वाहन को इकौना में झंडी दिखाने के दौरान कहीं। भिनगा से एक्सपोजर विजिट हेतु जाने वाले वाहन को झंडी दिखाने के दौरान बीएसए अजय कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, उनकी झिझक दूर करना तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। बच्चों के द्वारा इस भ्रमण के दौरान दिव्यांग बच्चों के द्वारा नए मित्र बनाने के साथ ही कई रोचक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जायेगा। इस दौरान विशेषज्ञों और शिक्षकों के द्वारा बच्चों को सरल भाषा में नई जानकारियां प्रदान की गयीं तथा उन्हें दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। जिला समन्वयक अजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान शैक्षिक सत्र में तीन एक्सपोजर विजिट का आयोजन कराया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आज सिरसिया तथा हरिहरपुर रानी के 65, गिलौला एवं इकौना के 65 तथा जमुनहां के 50 दिव्यांग बच्चों का तीन भ्रमण वाहन के द्वारा श्रावस्ती, बहराइच व बलरामपुर का एक्सपोजर विजिट कराया गया। अभिभावकों और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास में अत्यंत सहायक होते हैं। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से कराने की मांग की। एक्सपोजर विजिट में सहयोग के लिए कृष्णमणि पाण्डेय, विनोद कुमार, सत्यप्रकाश, प्रतिभा सिंह, प्रदीप कुमार, उमाशंकर चौधरी, बलवन्त, नीता सिंह मौजूद रहे।