चोरी के आरोप में सामान समेत तीन गिरफ्तार,भेजा जेल 

Share
मिर्जापुर। हलिया थाना क्षेत्र में चोरी की घटना को लेकर दर्ज प्राथमिकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से चोरी गया पर्स व चार हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। जानकारी अनुसार प्रयागराज निवासी लाल बहादुर तथा भटवारी गांव निवासी राम आश्रय कोल और शंकर कोल को शनिवार को भटवारी तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया। बताया जाता है कि चितावनपुर गांव निवासी धीरज कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि वह बीते 9 मार्च को पत्नी और भतीजे के साथ होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होने ससुराल मतवार चौकी क्षेत्र के रामपुर नौडीहा गांव गया था। शाम को बाइक से वापस लौटते समय ब्रह्म बाबा गेट के पास उसने बाइक रोककर पर्स बाइक पर रख दिया और पत्नी के साथ थोड़ी दूर चला गया। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने पर्स उठा लिया था। सूचना पर पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करते हुए जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी की घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *