शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न किया जाए

Share
 हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने आज तहसील भोगनीपुर में आयोजित कार्यक्रम में पहुँचकर आमजन की समस्याएँ गंभीरतापूर्वक सुनीं। इस दौरान विभिन्न ग्रामों एवं नगर क्षेत्रों से आए फरियादियों ने राजस्व, विकास, पेंशन, राशन कार्ड, आवास, विद्युत, पेयजल, सड़क, शौचालय, मनरेगा तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। समाधान दिवस पर कुल 77 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें पुलिस विभाग की 07, राजस्व विभाग 33, विद्युत विभाग 18 एवं अन्य विभाग से 19 शिकायतें प्राप्त हुई थी जिसमें से 05 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त प्रकरणों का स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की पुष्टि की जाए तथा पात्र शिकायतों का त्वरित समाधान कराया जाए। साथ ही, जिन मामलों में तत्काल निस्तारण संभव नहीं है, उनमें निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यवाही पूर्ण कर आख्या उपलब्ध कराई जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को निस्तारण की सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने तहसील दिवस को शासन की प्राथमिकता बताते हुए इसे जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान का महत्वपूर्ण मंच बताया। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी,राजस्व, विकास, समाज कल्याण, पूर्ति, विद्युत, जल निगम, पंचायत राज, कृषि, शिक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *