बारात में डीजे बंद होने पर आपस में भीड़े घराती-बराती

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में शनिवार रात बभनी से आई एक बारात में डीजे बंद कराने को लेकर घराती और बराती पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान बारात में आई चार छोटी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। मारपीट के दौरान शादी में खाना बना रहे युवक विद्याशंकर उम्र 35 वर्ष पुत्र गुलाबचंद के सिर पर डीजे का साउंड बॉक्स गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं भगदड़ में दुल्हन की बड़ी बहन गीता देवी उम्र 27 वर्ष  बेहोश हो गईं। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इसी बीच बारात देखने आया महेंद्र उम्र 12 वर्ष पुत्र नंदलाल मारपीट देखकर घबराकर भागने लगा और अंधेरे में एक कच्चे कुएं में गिर गया। साथ में भाग रहे आठ वर्षीय बच्चे के शोर मचाने पर महेंद्र के भाई राम और सुरेंद्र साड़ी के सहारे कुएं में उतरकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे करीब एक किलोमीटर तक गोद में उठाकर मुख्य सड़क तक लाए और निजी वाहन से सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया। सीएचसी में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद किशोर की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद रात में ही शादी की शेष रस्में पूरी कराई गईं और रविवार सुबह दुल्हन की विदाई संपन्न हुई। थाना प्रभारी राम दरस राम ने बताया कि डीजे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *