दूरसंचार विभाग जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाये:- अपर जिलाधिकारी 

Share
बिजनौर । जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय टेलीकॉम समिति (DLTC) की बैठक आयोजित हुई।अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका  दीक्षित ने दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य शीघ्रता से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां-जहां नेटवर्क की समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल टावर्स अथवा GPS स्थापित किए जाएं, ताकि आम जनता को बेहतर दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिए कि जिले के ‘शैडो एरिया’ (जहाँ नेटवर्क नहीं है) को चिन्हित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर आमजन को नेटवर्क की सुविधा मुहैया कराई जाएं।read more:https://pahaltoday.com/the-peg-of-development-and-the-bound-public/
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मोबाइल टावरों की स्थापना से पूर्व सभी आवश्यक औपचारिकताएं एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिले में इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए भी दूरसंचार कंपनियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिले में 5G सेवाओं के सुचारू विस्तार के लिए सरकारी भवनों और खंभों का उपयोग करने के लिए राइट ऑफ वे (RoW) नियमों के तहत काम करने के निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से भारत नेट परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों तक ऑप्टिकल फाइबर के माध्यम से इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के कार्यों  की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में कार्य लंबित है, वहां कार्य में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण कराया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी उच्च गति की इंटरनेट सेवा उपलब्ध हो सके। बैठक में बताया गया कि भारत नेट परियोजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने, ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य ऑनलाइन सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि परियोजना के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही दूरसंचार कंपनियों को भी नेटवर्क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर रितु रानी, ईओ बिजनौर विकास कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *