पहल टुडे
अजीत यादव
लालगंज /रायबरेली
जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित तहसील दिवस इस बार भी आमजन के लिए राहत लेकर आया। कार्यक्रम में जिला अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में बड़ी संख्या में फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। तहसील परिसर में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जहां हर वर्ग के लोग अपनी शिकायतों को लेकर पहुंचे।
तहसील दिवस के दौरान जिला अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही समाधान कराया गया, जिससे फरियादियों के चेहरों पर संतोष दिखाई दिया। वहीं, जिन शिकायतों का तुरंत निस्तारण संभव नहीं हो सका, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तीन दिनों के भीतर निपटाने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान लालगंज बायपास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय लोगों ने बायपास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा, जिस पर जिला अधिकारी ने संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए नहरों एवं तालाबों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने पर भी चर्चा हुई। जिला अधिकारी ने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि किसानों और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था की जाए।
लालगंज क्षेत्र में पटरियों पर हो रहे अतिक्रमण का मामला भी तहसील दिवस में सामने आया। इस पर जिला अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तहसील दिवस के अंत में जिला अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर, समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।