भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी द्वारा पुलिस लाईन ज्ञानपुर परेड ग्राउंड में साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली गई एवं परेड का निरीक्षण किया गया। परेड में एकरूपता व अनुशासन बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल की कार्यवाही का निरीक्षण कर उसे और बेहतर तरीके से कराने के लिए सम्बंधित को निर्देशित किया। परेड उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा अर्दली रूम का निरीक्षण किया गया, जिसमें विभिन्न कार्यालयों के महत्वपूर्ण रजिस्टरों एवं अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन कर उन्हें अपडेट व सुव्यवस्थित रखने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस लाईन निरीक्षण के दौरान आज शुक्रवार को परेड सलामी के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, स्टोर रूम, 112 ऑफिस, विवेचना सेल, कंट्रोल रूम, रेडियो शाखा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, आईटीसी शोरूम, आईटीसी शस्त्रागार, पुराना गेस्ट हाउस व साइबर थाना का सघन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान शस्त्रों की साफ-सफाई, तकनीकी उपकरणों की क्रियाशीलता तथा कार्यालयों में अभिलेखों के रख-रखाव को चेक करते हुए संबंधित प्रभारियों को व्यवस्थाएं और चुस्त-दुरुस्त करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजकीय कार्यों में पारदर्शिता और अनुशासन के साथ किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।