बाराबंकी। महात्मा गांधी स्पोर्ट्स क्लब द्वारा भारतीय रेलवे में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ खिलाड़ियों और ट्रेड यूनियन लीडर को सम्मानित किया गया। शनिवार को गांधी भवन में आयोजित एक समारोह के दौरान उ.प्र सरकार द्वारा खेल के सर्वाेच्च सम्मान लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित स्वीमिंग प्लेयर उमेश प्रसाद, नेशन हॉकी प्लेयर मुकुल शाह, सीनियर हॉकी खिलाड़ी नीतू शर्मा और पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के ट्रेड यूनियन लीडर सुभाष दुबे को सम्मानित किया गया है। सात बार गोल्ड मेडलिस्ट और लक्ष्मण अवार्डी प्लेयर उमेश प्रसाद वर्तमान में पूर्वोत्तर रेलवे की भारतीय टीम के स्वीमिंग कोच के पद पर कार्यरत हैं। इस सम्मान के तहत खिलाड़ियों को गांधी स्पोर्ट्स क्लब की ओर से मोमेंटो और शॉल प्रदान किया गया। सभी खिलाड़ियों को यह पुरस्कार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और अद्वितीय उपलब्धियों के लिए दिया गया है। वहीं जिले के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष मो उमैर किदवई ने गांधी स्पोर्ट्स क्लब खिलाड़ियों को एक दर्जन हॉकी भेंट की। कार्यक्रम में युवा खिलाड़ियों में जोश भरते हुए लक्ष्मण अवार्डी प्लेयर उमेश प्रसाद ने उन्हें कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प का मंत्र देते हुए युवाओं को खेल जगत में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से खेलों को दी जा रही प्राथमिकता की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान कर रही है। सरकार युवाओं और खेल को प्राथमिकता दे रही है। जिससे सुदूर क्षेत्रों के खिलाड़ियों की प्रतिभा मंच मिला है। खेल विधाओं को अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बाराबंकी से न केवल राष्ट्रीय खिलाड़ी, बल्कि ओलंपिक मेडलिस्ट भी निकलेंगे। उन्होंने क्लब के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सफलता के लिए फोकस्ड रहना, ईमानदारी से प्रयास करना और अंतिम तक हार न मानना ही सफलता की असली कुंजी है। कार्यक्रम का संचालन मो उमैर किदवई ने किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से क्लब के संस्थापक राजनाथ शर्मा, क्लब के अध्यक्ष एवं सीनियर हॉकी खिलाड़ी सलाउद्दीन किदवई, धीरेन्द्र त्रिवेदी, मुजीब अहमद, रामाशीष वर्मा, मो. फारूख, विजय अवस्थी, मो समद, आदित्य कुमार, जे.पी गुप्ता, पीटीआई मो तौहीद खान, यूथ आइकॉन असद साजिद, अनवर महबूब किदवई, विनय कुमार सिंह, अशोक शुक्ला, मृत्युंजय शर्मा, सत्यवान वर्मा अंकित शर्मा आदि कई लोग मौजूद रहे।