बाराबंकी। सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के मेलारायगंज गांव में आपसी सौहार्द और सांप्रदायिक एकता की एक शानदार तस्वीर मंगलवार को पूर्व प्रधान एहफाज़ हुसैन उर्फ शिब्ली मियां के आवास पर देखने को मिली। पवित्र रमजान माह के उपलक्ष्य में आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी जिले और प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक और सामाजिक सभा बन गई। पूर्व प्रधान एहफाज़ हुसैन उर्फ शिब्ली मियां के एक बुलावे पर सैकड़ों की संख्या में रोजेदारों और समर्थकों ने शिरकत कर इस आयोजन को यादगार बना दिया। इस दौरान मुल्क में अमन-चैन और तरक्की के लिए सामूहिक दुआएं मांगी गईं। इफ्तार कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप और समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा, कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द सिंह गोप ने कहा कि रमजान का यह पाक महीना केवल मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देने के लिए है। वहीं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर चिंता व्यक्त की। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने खाद की कीमतों में वृद्धि का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि पहले किसानों को 50 किलोग्राम खाद की बोरी लगभग 450 रुपये में मिलती थी, जबकि अब 40 किलोग्राम की बोरी 1400 रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने गैस सिलेंडर की कमी और उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में लगने के लिए भी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी चिंता जताई और कहा कि आज बहु-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। सिद्दीकी ने सीतापुर, मेरठ और महोबा में हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में आम जनता परेशान है और महंगाई तथा बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा, फैजान किदवई, मौलाना असलम, जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद अहमद शहंशाह, रेहान कामिल, महफूज अहमद, सैयद अर्शी, मोहसिन किदवई, यासिर अराफात किदवई, विष्णु सोनी, राहुल शुक्ला, राजू मौर्य, राजू शर्मा, रामहेत यादव, फजल इमाम मदनी और अजीम मियां सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।