मिर्जापुर। विंध्य-धाम को प्लास्टिक मुक्त बनाने का अभियान अनवरत जारी है। मुख्यमंत्री जी के आह्वान पर गंगा वारियर, गंगा दूतों एवं वन कर्मियों ने नवरात्रि मेले के चौथे दिन घाटों पर प्लास्टिक व पोलीथीन संग्रह किया। गंगा वारियर सुवाष चंद्र ओझा ने मां गंगा को साक्षी मानकर संकल्प दिलाया कि नवरात्रि व उसके बाद भी तटवर्ती गावों में घाटों को प्लास्टिक मुक्त करने की मुहिम जारी रहेगी। बिहार, झारखंड तथा मध्य प्रदेश के अलावा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से माँ विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन आए भक्तजन पहले घाटों की ओर रुख कर रहे हैं। पवित्र जल में डुबकी लगाकर वे स्वयं को धन्य मान रहे हैं। इस दौरान साफ सुथरे घाट निर्मल जल देखकर वे स्वयं को आनंदित महसूस कर रहे हैं। गंगा वारियर एवं गंगा प्रहरियों को प्लास्टिक व पोलीथीन संग्रह करते देख श्रद्धालु भी दो कदम आगे बढ़कर हाथ बंटा रहे हैं। जिला वनाधिकारी राकेश कुमार के निर्देशन में विंध्य धाम के घाटों को प्लास्टिक मुक्त बनाने का अभियान अनवरत चल रहा है। नगर मैजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन से ही जारी सफाई अभियान नियमित रूप से किया जा रहा है। उन्होंने दर्शनार्थियों को घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करने तथा सामूहिक तौर पर संकल्प दिलाने का सुझाव दिया। कहा कि गंगा वारियर एवं गंगा प्रहरियों की गतिविधियां सराहनीय है। वन क्षेत्राधिकारी (नगर) एस पी वर्मा उप वन क्षेत्राधिकारी विपिन सिंह वन दरोगा एस के द्विवेदी, प्रशांत पटेल, कुमार कार्तिकेय वाचर मंगला प्रसाद गंगा दूत राहुल निषाद, साजन, संदीप, अमन, विकास आदि ने सफाई अभियान में भागीदारी किया।