राकेश मिश्रा कानपुर देहात थाना बरौर पुलिस टीम को रात्रि गस्त एवं चेकिंग के दौरान ग्राम तारनपुर के चौकीदार द्वारा दूरभाष पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम तारनपुर में लगभग 04 वर्षीय एक बालक अकेला एवं घबराया हुआ इधर-उधर भटक रहा है। उक्त प्राप्त सूचना पर तत्काल थाना बरौर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एक बालक (लगभग आयु 04 वर्ष) अकेला, असहाय एवं भटकते हुए ग्राम में घूम रहा है। पुलिस टीम द्वारा ग्राम तारनपुर एवं आस-पास के क्षेत्रों में पूछताछ की गई तथा बच्चे के परिजनों की तलाश की गई, किंतु ग्रामीणों द्वारा बच्चे की कोई पहचान नहीं हो सकी। बालक अत्यधिक घबराहट के कारण कोई जानकारी देने में असमर्थ था । ऐसी स्थिति में बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे तत्काल सकुशल थाना बरौर लाया गया और महिला आरक्षी मनीषा सोनकर की सुपर्दगी में बच्चे को मिशन शक्ति केंद्र में खाना खिलाकर सुलाया गया । इस संबंध में उच्चाधिकारियों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन, कानपुर देहात को तुरंत सूचित कर दिया गया। थाना बरौर पुलिस टीम द्वारा बच्चे की फोटो लेकर आस-पास के ग्रामों में परिजनों की तलाश की गई। निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप बच्चे के परिजन मिल गये हैं, बच्चे का नाम राज उम्र 04 वर्ष है बच्चे के पिता का नाम बबलू और माता का नाम पिंकी है वह ग्राम हारामऊ थाना भोगनीपुर जनपद कानपुर देहात का मूल निवासी है। बच्चे के पिता बबलू ने बताया कि मैं राज को लेकर ग्राम तारनपुर अपने बहनोई के यहां गया था और वहां पर खेत में पानी लगाते समय राज को वहीं पर सुला दिया था और पता नहीं कब राज वहां से उठकर चला गया । बच्चे को सकुशल उसके माता-पिता को सुपर्द किया गया ।