भदोही। मनोज चाणक्य स्कूल, ज्ञानपुर में शनिवार को प्रतिभा सम्मान एवं अंक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भदोही पुलिस की टीम ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा संबंधी जागरूकता प्रदान की। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद में चलाये जा रहे विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम के क्रम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह अपने टीम के साथ कार्यक्रम के दौरान बच्चों को यातायात संबंधित विभिन्न नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सड़क पर चलते समय अनुशासन, हेलमेट का उपयोग, पैदल चलने के नियम, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, ओवरस्पीडिंग एवं मोबाइल फोन का दुरुपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया। बच्चों को बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां ही बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती हैं। प्रभारी यातायात ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने माता-पिता और आस-पास के लोगों को भी जागरूक करें। वहीं निरीक्षक श्रीमती सीमा सिंह, प्रभारी महिला थाना द्वारा एंटी रोमियो टीम के साथ मिशन शक्ति 5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित यह महत्वाकांक्षी अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चलाया जा रहा है। श्रीमती सीमा सिंह ने छात्राओं को जागरूक करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी 112 तथा अन्य आपातकालीन नंबरों का उपयोग आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकें तथा कानूनी अधिकार शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं,ऑनलाइन सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध गायक राजेश परदेशी द्वारा अपनी टीम के साथ गाने के माध्यम सी यातायात संबंधित नियमों के बारे जागरूक किया गया।