सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गाय को राज्य माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चल रहे अभियान को समर्थन मिलना शुरू हो गया है। इस क्रम में किसान नेता गिरीश पाण्डेय ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा लखनऊ में आहूत गौ-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध का समर्थन किया है।गिरीश पाण्डेय ने कहा कि जो सनातनी प्रतिदिन पूजा के बाद गौहत्या बंद हो का जयघोष करते हैं, वे सभी पूज्य शंकराचार्य के गौरक्षा अभियान के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि महीनों से चल रही गौ संरक्षण की चर्चा अब आंदोलन का रूप लेती जा रही है। बुधवार से लखनऊ में शुरू किए गए गौ-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध के माध्यम से शंकराचार्य ने प्रदेश और देश के सनातनियों से इस मुद्दे पर अपना पक्ष सार्वजनिक करने की अपील की है। शंकराचार्य के आह्वान के समर्थन में गिरीश पाण्डेय ने अपने पैतृक गांव बिसरेखी में गौवंश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि यदि योगी आदित्यनाथ प्रदेश में गौहत्या बंद कराकर गौ माता को राज्य माता का दर्जा देते हैं, तो पूर्वांचल नव निर्माण मंच और पूर्वांचल नव निर्माण किसान मंच आगामी चुनावों में उनके साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि गायों की सुरक्षा और सेवा से प्रदेश में उन्नति और खुशहाली बढ़ेगी तथा लोगों के स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च में भी कमी आएगी। दूध, दही, घी, मक्खन और मलाई जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ देने वाली गायों की सुरक्षा की मांग न केवल जनकल्याणकारी है, बल्कि सनातन धर्म की रक्षा से भी जुड़ी है। गिरीश पाण्डेय ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़े तो गौहत्या रोकने के लिए कठोर कानून, यहां तक कि मृत्युदंड जैसे प्रावधान पर भी विचार किया जाना चाहिए। इस मौके पर बिसरेखी गांव के पूर्व प्रधान महेंद्र यादव भी मौजूद रहे।