हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन व मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के मार्गदर्शन में “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में संचालित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आज दिनांक 21 मार्च 2026 को विकास खंड रसूलाबाद में जायद गोष्ठी/किसान मेला का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया।कार्यक्रम का आयोजन विकास खंड परिसर में किया गया, जिसमें त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मक्का उत्पादन से संबंधित उन्नत तकनीकों एवं नवीन कृषि विधियों की जानकारी कृषकों को प्रदान की गई। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, उर्वरक प्रबंधन एवं फसल संरक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।गोष्ठी में शासन की विगत नौ वर्षों की उपलब्धियों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में उपस्थित कृषकों एवं आमजन को अवगत कराया गया। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल एवं प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिनका अवलोकन उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा किया गया।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव, जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।