शक्तिनगर ,सोनभद्र। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी शक्तिनगर के वाणिज्य विभाग की ओर से गुरुवार को परिसर स्थित अंबेडकर भवन में कॉम्फेस्ट 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा जास्मीन और नीतू के ग्रुप डांस ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं बी.कॉम द्वितीय वर्ष की छात्राएं रवीना और गरिमा ने सोलो डांस प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह उत्साहपूर्ण बना दिया। फिल्मी और भोजपुरी गीतों पर छात्र-छात्राओं ने जमकर ठुमके लगाए, जिससे पूरा सभागार तालियों और उत्साह से गूंज उठा। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक डॉ. मानिकचंद पांडेय और डा मृत्युंजय कुमार पांडेय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों से अनुशासन अपनाकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। संस्था के प्रभारी डा. प्रदीप कुमार यादव ने ऑनलाइन संदेश के माध्यम से छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में विद्यार्थियों को लगातार अपडेट रहना चाहिए, ताकि वे हर चुनौती का सामना कर सकें। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा ममता के स्वागत भाषण से हुई। समारोह का संचालन गरिमा त्रिपाठी और पूर्णिमा ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अभिषेक कुमार ने किया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।