बहराइच। जनपद में आए तेज तूफान ने भारी तबाही मचाई है। थाना हरदी क्षेत्र के रमपुरवा गांव में एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां तेज आंधी के दौरान घर की छत पर पीपल का पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से छत पूरी तरह टूटकर अंदर आ गिरी, जिससे घर के भीतर सो रहे मां-बेटे मलबे में दब गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन मंगवाकर मलबा हटाया गया और दबे हुए दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।घायलों की पहचान 45 वर्षीय सुशीला और उनके 12 वर्षीय बेटे शिवांग के रूप में हुई है, जो हरदी थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव के निवासी हैं। दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस के अनुसार, समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया। वहीं प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।