मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत गाजीपुर में सख्ती: बाजारों में पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने शोहदों पर कसा शिकंजा

Share
गाजीपुर। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता और सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस बल द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।वहीं दूसरी ओर, मिशन शक्ति के तहत गठित एंटी रोमियो टीमों ने भी जिले भर में सक्रियता दिखाते हुए संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग और भ्रमण किया। टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध युवकों और शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।पुलिस प्रशासन का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल अपराध पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को बढ़ावा देना भी है। इसके लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम, गश्त और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से न केवल अपराधियों में भय का माहौल बनता है, बल्कि आमजन में विश्वास भी बढ़ता है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *