सोनभद्र। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत उर्मौरा व धर्मशाला चैराहे पर सघन चेकिंग की गई।अभियान के दौरान रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों से अवैध हूटर उतरवाए गए और वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। यातायात प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार शुक्ला, टीएसआई भरत राय, अभय त्रिपाठी, जमील खान सहित अन्य पुलिसकर्मी अभियान में मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करना सभी नागरिकों के लिए अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य चैराहों पर नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। अभियान के दौरान लोगों को हेल्मेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीड से बचने और रॉन्ग साइड न चलने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नागरिकों से सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने की अपील की गई।