स्कूल से चोरी हुआ सामान झाड़ियों में मिला, जांच तेज

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रास पहरी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुई चोरी के मामले में बुधवार को अहम सुराग हाथ लगा। स्कूल से चोरी किया गया कंप्यूटर का सीपीयू सहित अन्य सामान विद्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर कोटर डूबा टोला के पास झाड़ियों में बरामद हुआ।जानकारी के अनुसार, पूर्व ग्राम प्रधान राम दयाल प्रजापति ने बताया कि बुधवार शाम लगभग 4 बजे कुछ लड़कियां घास काटने के लिए उस क्षेत्र में गई थीं। इस दौरान उनकी नजर झाड़ियों में रखी एक संदिग्ध बोरी पर पड़ी। शक होने पर उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान शीतल देवी को दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को खुलवाया, जिसमें विद्यालय से चोरी हुआ कंप्यूटर का सीपीयू सहित अन्य सामान मिला। बताया जा रहा है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीलम पांडे ने कुछ दिन पूर्व ही थाने में चोरी की तहरीर दी थी, जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। फिलहाल पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। चैकी इंचार्ज लीलासी मनोज सिंह ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन को सूचना दे दी गई है तथा जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *