आगरा मंडल दौरे पर संगठन विस्तार में जुटे जन उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान
वृंदावन/आगरा। जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान (जनसेवक) इन दिनों आगरा मंडल के दौरे पर संगठन निर्माण और विस्तार को लेकर सक्रिय हैं। दौरे के पहले दिन मथुरा जनपद में जिला प्रभारी की नियुक्ति के बाद, दूसरे दिन की शुरुआत उन्होंने वृंदावन धाम स्थित श्री बांके बिहारी जी के दर्शन कर प्रभु का आशीर्वाद लेते हुए की।
दर्शन उपरांत प्रदेश अध्यक्ष ने बांके बिहारी जी के परिक्रमा मार्ग पर स्थित स्थान पर जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के पहले संगठनात्मक कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर को संगठन के लिए ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि संगठन की नींव आध्यात्मिक और सेवा भाव की धरती से रखी गई है, जो आगे व्यापारी हितों की मजबूती का आधार बनेगी। संगठन को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ समाजसेवी एवं कथा वाचक डा० उमाकान्त शुक्ल महाराज जी को वृंदावन धाम का प्रभारी नियुक्त किया गया। उन्हें निर्देशित किया गया कि फरवरी माह तक व्यापारी सम्मेलन आयोजित कर 51 सदस्यीय नगर कमेटी का गठन प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी में सुनिश्चित कराएं, ताकि संगठन वृंदावन धाम के सभी वार्डों तक पहुंचे और व्यापारियों की समस्याओं को चिन्हित कर उनके निराकरण के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें। कार्यालय शुभारंभ अवसर पर उपस्थित व्यापारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान ने कहा कि जन उद्योग व्यापार मंडल का यह पहला कार्यालय कान्हा की पावन भूमि वृंदावन से शुरू किया गया है, जिससे संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले और नगर में संगठन की कमेटियां गठित की जाएंगी और कार्यालय खोले जाएंगे, ताकि व्यापारियों की समस्याओं के लिए संगठित संघर्ष किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी राजनीतिक स्वार्थ से नहीं, बल्कि हर कीमत पर व्यापारी सेवा और जनहित से जुड़ा है। व्यापार में आ रही कठिनाइयों, प्रशासनिक अड़चनों और नीतिगत समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से डा० उमाकान्त शुक्ल महाराज जी, सीताराम, श्रीराम शुक्ला, आयुष प्रताप सिंह, सतीश पंडित, अशोक कुमार अग्रवाल, महेश शर्मा, विष्णु शर्मा तथा ब्रह्मानंद आश्रम के महंत चेतनानंद महाराज जी सहित दर्जनों व्यापारी एवं संगठन से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की इस पहल का स्वागत करते हुए व्यापारी एकजुटता पर बल दिया।