अजीत विक्रम -गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला आर्द्रभूमि समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, गंगा स्वच्छता और आर्द्रभूमियों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी तथा सभी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी तटों के संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के सरकारी अथवा निजी कार्यक्रम के आयोजन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे नदी के पारिस्थितिकी तंत्र पर कार्यक्रमों के संभावित प्रतिकूल प्रभाव को कम किया जा सकेगा।सीडीओ ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि जब्तीकरण की कार्रवाई युद्ध स्तर पर चलायी जाए ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य को निर्देश दिया गया कि संस्थान में ईटीपी (इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) की स्थापना की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करायी जाए।इस दौरान प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह, जिला पर्यावरण समिति के नामित सदस्य शैलेष राम सहित जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।