एसडीएम नानपारा ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ की बैठक कर  दिए कड़े निर्देश

Share

बहराइच ( नानपारा )।तहसील नानपारा सभागार में एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी की अध्यक्षता में क्षेत्र की समस्त गैस एजेंसियों के प्रबंधकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्ति निरीक्षक बलहा, पूर्ति निरीक्षक शिवपुर, पूर्ति निरीक्षक नवाबगंज सहित सभी गैस एजेंसियों के प्रबंधक एवं सहायक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी द्वारा गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक गैस एजेंसी पर ई-केवाईसी, सिलेंडर बुकिंग तथा उपभोक्ता पूछताछ के लिए अलग-अलग काउंटर अनिवार्य रूप से बनाए जाएं, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि एजेंसी परिसर में एक स्पष्ट एवं बड़ा बैनर लगाया जाए, जिसमें नियम, सेल्स ऑफिसर का नाम, मोबाईल नम्बर, एरिया मैनेजर का नाम, मोबाइल नम्बर, टोल-फ्री नंबर तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं प्रदर्शित की जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध हो सके।एसडीएम ने यह भी निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि राजकीय विद्यालयों, कस्तूरबा विद्यालयों एवं अन्य शासकीय संस्थानों से प्राप्त मांग पत्र के आधार पर ऑयल कंपनी से स्वीकृति प्राप्त कर नियमानुसार गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी संस्थानों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।एसडीएम नानपारा ने स्पष्ट कहा कि  गैस वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर कार्यवाही की जाएगी।सभी एजेंसियां शासन के नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें बैठक के अंत में सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *