“स्कूल चलो अभियान 2026” का शुभारंभ, बच्चों को वितरित हुईं पाठ्य सामग्री

Share
बिजनौर। कलेक्ट्रेट सभागार में “स्कूल चलो अभियान 2026” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने की, जबकि इस अवसर पर बच्चों को निःशुल्क पाठ्य सामग्री भी वितरित की गई।इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय से “स्कूल चलो अभियान 2026” के शुभारंभ का सजीव प्रसारण भी देखा गया।जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और अभिभावकों का कर्तव्य है कि वे अपने बच्चों को विद्यालय भेजें। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि वे घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में फर्नीचर, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं यदि कहीं कम हैं, तो उन्हें तत्काल पूरा किया जाए।मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में ऐसा वातावरण बनाया जाए, जिससे बच्चे रुचि के साथ स्कूल आएं।उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए ताकि अभिभावक सरकारी स्कूलों को प्राथमिकता दें। उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में टीईटी सहित उच्च योग्यता प्राप्त शिक्षक मौजूद हैं, जो शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठा सकते हैं।अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नामांकन के मुकाबले ड्रॉपआउट की स्थिति पहले से कम है, लेकिन इसे शून्य स्तर तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी शिक्षकों को कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष ने “स्कूल चलो अभियान” के तहत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराना और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *