बहराइच ( पयागपुर तहसील )। पयागपुर तहसील क्षेत्र में पेट्रोल और डीज़ल की किल्लत की अफवाह फैलने के बाद पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में वाहन चालक ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए।स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उपजिलाधिकारी अश्वनी पांडे और थाना अध्यक्ष दीपक सिंह ने संयुक्त रूप से स्पष्ट किया कि क्षेत्र में पेट्रोल-डीज़ल की कोई कमी नहीं है, यह केवल अफवाह है।अधिकारियों ने कहा कि लोग घबराएं नहीं और केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन भरवाएं। अनावश्यक भीड़ से व्यवस्था प्रभावित होती है और अन्य लोगों को असुविधा होती है। साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।हालांकि, बहराइच मुख्य मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर साधारण पेट्रोल खत्म होने की जानकारी सामने आई है, जिसके चलते वहां प्रीमियम पेट्रोल की बिक्री की जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त कीमत चुकानी पड़ रही है।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।