शक्तिनगर, सोनभद्र। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को शक्तिनगर क्षेत्र में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 25 लीटर कच्ची शराब और 150 किलोग्राम लहन बरामद किया गया, जबकि मौके पर संचालित दो अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर लहन को नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन और आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक तथा उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर प्रभार के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत की गई। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 रविनंदन, क्षेत्र-1 के आबकारी निरीक्षक विनोद कुमार, आबकारी टीम और शक्तिनगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। संयुक्त टीम ने सबसे पहले अंबेडकर नगर स्थित चखना दुकानों पर छापेमारी कर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि दुकानों पर लोगों को बैठाकर शराब न पिलाई जाए और किसी भी प्रकार से अवैध ‘मिनी बार’ जैसी व्यवस्था संचालित न की जाए।read more:https://worldtrustednews.in/grand-inauguration-of-vishnu-puran-tribal-art-solo-painting-exhibition/ टीम ने दुकानदारों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी। इसके बाद टीम ने शक्तिनगर बस स्टैंड, स्वीपर बस्ती और कोटा बस्ती सहित कई संदिग्ध घरों, झुग्गी-झोपड़ियों और स्थलों पर भी तलाशी अभियान चलाया। दबिश के दौरान अवैध कच्ची शराब और लहन बरामद होने पर मौके पर ही दो भट्ठियों को तोड़ दिया गया। इस मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि शक्तिनगर और आसपास के क्षेत्रों में कई जगह चखना दुकानों की आड़ में खुलेआम शराब पिलाने का कारोबार चलता है, जिन्हें लोग ‘मिनी बार’ के नाम से जानते हैं। शाम होते ही इन स्थानों पर भीड़ जुटने लगती है। ऐसे में केवल चेतावनी देकर छोड़ देने की कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच सवाल भी उठ रहे हैं। छापेमारी के दौरान अवैध चखना दुकान के संचालन का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें एलपीजी गैस सिलेंडर, कुर्सी-टेबल और अन्य सामान दिखाई दे रहे हैं। लेकिन इन सामानों की जब्ती नहीं होने से स्थानीय लोगों में कई तरह की शंकाएं भी व्यक्त की जा रही हैं। फिलहाल आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब और अवैध ‘मिनी बार’ के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।