बिजनौर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जसजीत कौर द्वारा मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम संरक्षित स्ट्रांग रूम का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भूतल स्थित स्ट्रांग रूम के सील्ड ताले खुलवाकर विधानसभा वार सुरक्षित रखी गई ईवीएम मशीनों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं की जांच की, जो सभी सुचारू रूप से संचालित पाई गईं।इसके उपरांत जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वान्या सिंह ने झंडापुर स्थित वीवीपैट वेयरहाउस का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र 18-नगीना के वीवीपैट कक्ष सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्थाओं का परीक्षण किया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं।निरीक्षण के दौरान नजीबाबाद, धामपुर, नहटौर, नूरपुर और नगीना विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम भी चेक किए गए, जहां सुरक्षा के सभी मानक पूर्ण पाए गए। इस अवसर पर मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने ईवीएम की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर संतोष व्यक्त किया।इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार, भाजपा के धीर सिंह, कांग्रेस के अनिल कुमार एवं काज़ी आतिफ, बसपा के मोहम्मद सिद्दीक तथा सपा के अखलाक पप्पू सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।