सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जन शिकायतों की सुनवाई और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को नगरीय निकायों में आयोजित होने वाले समाधान दिवस (संभव) के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद सोनभद्र में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने की।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न निकायों में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 2, नगर पंचायत घोरावल में 1, नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में 0, नगर पंचायत चोपन में 0, नगर पंचायत ओबरा में 0, नगर पंचायत रेनुकूट में 0, नगर पंचायत पिपरी में 3, नगर पंचायत दुद्धी में 2, नगर पंचायत डाला बाजार में 1 तथा नगर पंचायत अनपरा में 1 शिकायत दर्ज की गई। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल तथा मार्ग प्रकाश से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कराया गया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं से सीधे रूबरू होकर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में तत्परता के साथ कार्यवाही की जा रही है। कार्यक्रम में नगर पालिका के सदस्यगण तथा कर्मचारी भी उपस्थित रहे।