गाजीपुर:अखंड भारत की गौरवगाथा को विराट चेतना में प्रतिष्ठित करने वाले महान शासक सम्राट अशोक महान की जयंती एवं अशोकाष्टमी के पावन अवसर पर सृष्टि सेवा ट्रस्ट द्वारा एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।संस्था के संस्थापक समाजसेवी राजकुमार मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि कलिंग युद्ध के पश्चात सम्राट अशोक का आत्मपरिवर्तन मानव इतिहास की अद्वितीय घटना है। एक विजेता का करुणा और धम्म के मार्ग पर अग्रसर होना यह दर्शाता है कि सच्ची शक्ति सेवा, शांति और नैतिकता में निहित है।उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक द्वारा प्रसारित ‘धम्म’ का संदेश भारत की सीमाओं से निकलकर दूर-दूर तक फैला, जिससे अनेक देशों में बौद्ध धर्म का विस्तार हुआ और विश्व को शांति, सह-अस्तित्व तथा मानवता की नई दिशा मिली।इस अवसर पर सृष्टि सेवा ट्रस्ट द्वारा 84 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जो समाज सेवा की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत करता है।कार्यक्रम में मुनेश्वर सागर ने सम्राट अशोक के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। इस दौरान यूनिटी फाउंडेशन के संस्थापक हिमांशु मौर्य,नंदलाल फौजी, अनिल कुमार मौर्य, अनुज यादव, नीतीश कुमार, राकेश कुमार यादव, नंदू मास्टर साहब राहुल पांडे सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी देश एवं प्रदेशवासियों को अशोकाष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं तथा सम्राट अशोक के आदर्शों पर चलकर एक सशक्त, समृद्ध और समरस भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया।