अमेठी/लखनऊ। चारबाग स्थित रविंद्रालय में आयोजित पुस्तक मेले के दौरान अवधी साहित्य संस्थान अमेठी एवं उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में अवधी विमर्श एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राम बहादुर मिश्र ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अपर शिक्षा निदेशक विवेक नौटियाल उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि विवेक नौटियाल ने कहा कि साहित्य सृजन को पुस्तकों तक सीमित न रखकर जनमानस से जोड़ना आवश्यक है, तभी अवधी भाषा का विकास संभव है। अध्यक्ष डॉ. मिश्र ने अवधी को वैश्विक स्तर पर समृद्ध भाषा बताते हुए युवाओं से साहित्य सृजन में आगे आने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथियों व वक्ताओं ने अवधी भाषा को संस्कृति और लोकजीवन की आत्मा बताते हुए इसके संरक्षण व संवर्धन पर जोर दिया। कार्यक्रम में कवि सम्मेलन के दौरान विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन इंजी. सुनील कुमार वाजपेयी ने किया।