सोनभद्र। शहीद दिवस के अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) कार्यकर्ताओं ने घोरावल ब्लॉक के तिलौली कलां गांव में नई ब्रांच कमेटी का गठन करते हुए क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस दौरान इंकलाबी नारों के साथ भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को याद किया गया।कार्यक्रम के दौरान भगत सिंह और साम्राज्यवाद विषय पर वैचारिक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ नेता मैनेजर प्रसाद ने कहा कि आज देश को भगत सिंह के विचारों वाले युवाओं की आवश्यकता है, जो जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर देशहित में कार्य करें और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करें। जिला सचिव आरके शर्मा ने कहा कि भगत सिंह के विचार आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं तथा युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को संकीर्णताओं से निकालकर जागरूक करने की आवश्यकता है। सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि भगत सिंह ने हमेशा रूढ़िवाद, पाखंड और असमानता का विरोध किया तथा समाज में समानता और जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से उनके विचारों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कामरेड बसावन गुप्ता, हृदय नारायण, सुरेन्द्र कुमार सिंह, धनपति देवी, हीरावती, जिरावती देवी, लक्ष्मी, कलावती देवी, बबलू, देव नारायण, दूधनाथ, बहादुर शाह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।