मुठभेड़ में घायल होकर पकड़ा गया हत्या का आरोपी, बगीचे से बरामद हुए हथियार

Share
गाजीपुर | जनपद गाजीपुर के थाना करीमुद्दीनपुर क्षेत्र में पुलिस ने हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद किए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अभियुक्त शक्ति नारायण राय पुत्र स्वर्गीय विजय नारायण राय निवासी ग्राम नेवादा को पकड़कर उसकी निशानदेही पर हरदासपुर स्थित आशुतोष राय के आम व सागौन के बगीचे में ले जाया गया, जहां से हत्या में प्रयुक्त दो बाँस के डंडे और एक कुल्हाड़ी बरामद की गई।इसी दौरान आरोपी अचानक आरक्षी कमलेश यादव को झटका देकर भागने लगा और बगीचे में छिपाए गए अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई संतुलित फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।घायल अभियुक्त को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी बाराचवर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना करीमुद्दीनपुर में मु0अ0सं0 81/2026 के तहत धारा 109(1), 262 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पहले से ही कई संगीन मामलों में वांछित रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जो उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *