राष्ट्रीय कर्तव्य के निर्वहन में गलती से देश के साथ ही भावी पीढ़ी का भी नुकसान होता है: मनोज सिन्हा 

Share
 गाजीपुर। जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम पहुंचकर अधिष्ठात्री देवी वृद्धम्बिका माता (बुढ़िया माता) का दर्शन पूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी श्री भवानी नन्दन यति जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पूर्व उन्होंने सादात नगर पंचायत पहुंचकर वरिष्ठ भाजपा नेता शिवानन्द सिंह मुन्ना के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ये सच है कि भौगोलिक दूरी सादात और कश्मीर में ज्यादा है लेकिन मुझे नहीं लगता कि सादात और जखनियां वालों से मेरी दिलों की दूरी है। वहां आज मैं जो भी कर पा रहा हूं उसमें आप सबका स्नेह, सहयोग और विश्वास एक बड़ी ताकत के रूप में संबल देता है। बुढ़िया माता का दर्शन करने जाते हुए रास्ते में आप सब से मुलाकात मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बात तो नहीं करूंगा लेकिन देश के अंदर दस वर्षों में हुए विस्मयकारी परिवर्तन पर चर्चा जरूर करना चाहूंगा। आज विश्व के किसी दो देश में युद्ध होता है तो दोनों देश भारत की तरफ आशा भरी नजरों से देखते हैं। कोरोना का जिक्र करते हुए दुनियां के देशों को वैक्सीन प्रदान कर भारत ने मानवता की मिशाल पेश किया। इससे विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। बताया कि 1996 में न्यूयार्क का सुंदर एयरपोर्ट देखने के बाद आज उससे अच्छे एयरपोर्ट भारत में ही देखकर अत्यंत ही प्रसन्नता होती है। आज हम दुनियां की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन गए हैं। कहा कि आप विचार करिए कि पिछले दस साल में देश ने कितना विकास किया है। हमारा संविधान यदि अधिकार देता है तो हमें अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए सादात और जखनियां के लोग भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। कभी सोने की चिड़िया कहे जाने वाले भारत के ज्ञान और शिक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में सूरज पर पहुंचने वाला सबसे पहला देश भी भारत बनेगा। उन्होंने जनपद के विकास की चर्चा करते हुए भोजपुरी में कहा कि ई सड़किया आगे बने के चाही की ना चाही, ई रेलवे स्टेशन क विकास अउर ट्रेनवा रुके के चाही की ना, जिस पर जनता ने करतल ध्वनि से सहमति जताया। इसे आगे जारी रखने के लिए लोगों से अपने कर्तव्यों का निर्वाह करने की अपील किया। कहा कि गरीबों का कल्याण और विकास कार्य होता रहे इसके लिए अपने को भी परिश्रम करना पड़ता है। राष्ट्रीय कर्तव्य के निर्वहन में गलती से देश के साथ ही भावी पीढ़ी का भी नुकसान होता है। छोटी छोटी बातों और भावनाओं से ऊपर उठकर बड़े फैसले लेते हुए राष्ट्रीय कर्तव्य का निर्वाह करें। उन्होंने बताया कि 29 जून से बाबा बर्फानी की यात्रा शुरू हो रही है जहां आने वालों का स्वागत करने के लिए मैं खुद खड़ा रहूंगा। संचालक अशोक पाण्डेय की बात से अपने को जोड़ते हुए कहा कि अब ज्यादा समय नहीं है जैसे पहले आता था वैसे आठ महीने बाद फिर जनपदवासियों के बीच आना शुरू करूंगा। इससे पहले कार्यक्रम संयोजक शिवानन्द सिंह मुन्ना सहित पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजनाथ यादव और अन्य भाजपाइयों ने मनोज सिन्हा का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानन्द सिंह, भानू प्रताप सिंह, उपेंद्र सिंह, अशोक पांडेय, राजनाथ यादव, अजय सहाय, श्यामनरायण राम, आलोक रंजन सिंह, त्रिभुवन सिंह, रमेश उर्फ भुवर सेठ, ऋषभ सिंह गौतम, किशन सोनी, घनश्याम सोनी, जितेंद्र कुशवाहा, विवेक गुप्ता, मुमताज अंसारी, गुड्डन, मनोज ठठेरा, अमन गोड़, राजेश सिंह बबलू, नरेन्द्र सिंह सहित अनेक भाजपाई और नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *