बहराइच (फखरपुर )। फखरपुर ब्लॉक के ग्राम टेंडवा अल्पी मिश्र स्थित संविलयन उच्च प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं के लिए भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया और भावुक माहौल के बीच एक-दूसरे से विदा ली। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।विदाई के दौरान कई विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं। बच्चों ने एक-दूसरे को ग्रीटिंग कार्ड व उपहार भेंट किए तथा समूह फोटो के माध्यम से यादों को संजोने का प्रयास किया। जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर साथियों के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उदयराज वर्मा, प्रधानाचार्य पंकज विश्वास, शिक्षक दुर्गेश, अभिषेक, ओमकार एवं श्रीमती राधारानी शर्मा सहित समस्त शिक्षकों ने कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को फूल-माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
*मेडल व पुरस्कार पाकर खिले बच्चों के चेहरे*
समारोह के दौरान कक्षा 1 से 8 तक की वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल व पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले छात्र शिवम साहू को विशेष रूप से मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर शिक्षक शिव कुमार चौधरी ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा नए सत्र में सभी पात्र बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने की अपील की। कार्यक्रम में ललित पाठक, सतीश चंद्र पाठक, वीरेंद्र गौड़, श्रीमती स्वाती पाठक, मदन मोहन गौड़, अवधेश पाठक सहित अन्य अभिभावक, स्कूली बच्चे व पूर्व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।