भदोही। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आज मेरा युवा भारत, भदोही द्वारा जनपद के शहीद स्थल स्वतंत्रता सेनानी शहीद झूरी सिंह पार्क में शहीद दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत नागमलपुर से शहीद झूरी सिंह स्थल तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। तिरंगा यात्रा के उपरांत शहीद स्थल पर स्वतंत्रता सेनानी श्री झूरी सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के दौरान किए गए कठिन संघर्ष, त्याग एवं देश की आजादी के प्रति उनके समर्पण और योगदान के बारे में उपस्थित युवाओं को जानकारी देते हुए युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के आयोजक जिला युवा अधिकारी रामगोपाल सिंह चौहान ने अपने संबोधन में युवाओं को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, शिवराम हरी राजगुरु एवं सुखदेव थापर के महान बलिदान, अदम्य साहस एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता हमारे शहीदों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है, जिसे सहेजकर रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सदैव तत्पर रहें।इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से ग्राम प्रधान परऊपुर श्री दिनेश सिंह, ग्राम प्रधान नागमलपुर श्री राकेश पांडे, शहीद झूरी सिंह के परपौत्र रामेश्वर सिंह, राकेश पाठक (जेएनवीएस), शिवम राय, निधिश पांडे, आशीष कुमार, पंकज कुमार, अनुज पांडे, राकेश पांडे, रामेश्वर सिंह, शिवम सिंह, विपुल गौतम, सचिन दुबे, मैनेजर पांडे, शुभम पांडे, गोलू दुबे, शिवम पाल, छोटू पांडे आदि लोग उपस्थित रहे।