स्योहारा। ब्लॉक सभागार में बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान/दस्तक अभियान एवं राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान को लेकर ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स (BTF) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विक्रम सिंह ने की।बैठक में बताया गया कि साल 2026 का प्रथम विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा।नियमित फॉगिंग और जागरूकता पर जोर खंड विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान नियमित फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए लोगों को व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि अभियान की साप्ताहिक समीक्षा जिलाधिकारी स्तर पर की जाएगी।नगर पालिका और पंचायत विभाग को निर्देशित किया गया कि शहर व गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। जहां पानी जमा होता है वहां रोस्टर के अनुसार छिड़काव कराया जाए। ग्राम स्तर पर अधिकारी भ्रमण कर अभियान की निगरानी करें।स्वास्थ्य विभाग नोडल, प्रशिक्षण कार्यक्रम तय इस दौरान डॉ बी.के. स्नेही ने बताया कि इस अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग है। सभी विभागों से 28 मार्च 2026 तक माइक्रोप्लान तैयार कर भेजने को कहा गया है।उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 24 मार्च को शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 25 मार्च को नगर पालिका कर्मियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 27-28 मार्च को प्रधानों का ब्लॉक सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा। मच्छर जनित रोगों से बचाव के उपाय के बारे में।अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, टंकी, फूलदान आदि का पानी नियमित बदलें, कबाड़, टायर, नारियल के खोल आदि में पानी न रुकने दें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, बुखार होने पर डॉक्टर की सलाह से ही दवा लें।बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मोहम्मद मुस्तकीम, हेमलता सैनी, दिनेश कुमार, मुकुल वशिष्ठ, राजेश कुमार, वीर सिंह, हरीश कुमार, शालिनी बिश्नोई सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।