गाजीपुर में राज्य महिला आयोग अध्यक्ष की बैठक व जनसुनवाई, योजनाओं के व्यापक प्रचार और महिलाओं की सुरक्षा पर जोर

Share
गाजीपुर। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जनपद दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा उसके बाद जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। बैठक में उन्होंने कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।बैठक के दौरान डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक योजनाओं का लाभ अभी भी बहुत से पात्र लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है, जिसका मुख्य कारण जागरूकता की कमी है। इसलिए सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इनका लाभ उठा सकें।उन्होंने निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत स्तर तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।read more:https://khabarentertainment.in/journalist-reena-slathia-honoured-by-judicial-council-on-international-womens-day/  इसके लिए नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद कार्यक्रम, ग्राम सभाएं और अन्य प्रभावी माध्यमों का उपयोग किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी योजनाओं के प्रति जागरूक हो सकें।शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को समय से ड्रेस वितरित की जा रही है तथा निर्धारित मानकों के अनुसार मध्यान्ह भोजन भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पर अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों को किसी भी स्थिति में मोबाइल के माध्यम से होमवर्क न दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विद्यालय से ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। साथ ही सामूहिक विवाह योजना और शादी अनुदान योजना का भी शत-प्रतिशत लाभ दिया जा रहा है। अभ्युदय योजना के तहत संचालित कोचिंग सेंटरों में भी छात्र-छात्राएं बेहतर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/kiyu-submitted-a-memorandum-to-the-bdo-regarding-the-problems-of-the-gram-panchayats/ बैठक में पंचायती राज विभाग को निर्देश देते हुए डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में चार-चार सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और कई अपराधियों के खिलाफ जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की गई है। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्कूल वाहनों तथा सवारी ढोने वाले सभी वाहनों में ड्राइवर सीट के पीछे चालक का नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उसकी पहचान और संपर्क आसानी से किया जा सके।बैठक के उपरांत डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जनसुनवाई कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में अधिकांश प्रार्थना पत्र पारिवारिक उत्पीड़न और घरेलू विवाद से संबंधित थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी मामलों का गंभीरता से परीक्षण कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए तथा समस्या के निस्तारण की जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से गांव-गांव जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। महिलाओं को यह बताया जाए कि उन्हें किसी भी प्रकार का अत्याचार सहने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए।अध्यक्ष ने विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया जहां शिक्षा का स्तर कम है या लोग कम पढ़े-लिखे हैं। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और अन्य कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।जनसुनवाई के दौरान लगभग 12 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, दिव्यांगजन अधिकारी पारस नाथ यादव, समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, डीसी मनरेगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *